पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के उज़्बेकिस्तान दौरे पर पहुंचे। कई कार्यक्रमों में पीएम मोदी ने हिस्सा लिया है। रविवार को उन्होंने उज्बेक प्रेसिडेंट से वार्ता की है
ताशकंद- पीएम मोदी ने रविवार को उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौक़त मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने पीएम नरेंद्र मोदी को उज़्बेकिस्तान के सर्वोच्च राज्य पुरस्कार ओली दाराजली डस्टलिक से सम्मानित किया। पीएम मोदी ने अवार्ड के लिए शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि आज हम तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट समझौतों को औपचारिक रूप दे रहे हैं। आपके देश में न्यू ताशकंद जैसे बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जबकि भारत में हमने गुजरात में गिफ्ट सिटी विकसित की है। इन विकास कार्यों में अपनाई गई बेहतरीन प्रक्रियाओं और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को समझने के लिए उज्बेक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए हमें खुशी होगी।
पीएम मोदी ने इस दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हम यूरेनियम की सप्लाई के लिए एक लंबी अवधि की व्यवस्था भी करेंगे। यूरेनियम पर दोनों देशों के बीत समझौता काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष हम अपनी रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस विशेष अवसर पर, हम अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जा रहे हैं। हम इस ढांचे के भीतर ठोस लक्ष्य तय करके आगे बढ़ेंगे।
बातचीत में व्यापार और निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, मिनरल्स, माइनिंग, रक्षा और सुरक्षा, इनोवेशन, खेती, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, न्च्प् समेत डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर ज़ोर दिया गया। 2030 तक 5 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य तय किया गया।
मोदी ने उज़्बेकिस्तान की तारीफ की
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौक़त मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैंने आपकी किताब देखी। इसमें आपने हमारे आपसी आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रमुख क्षेत्रों में कई प्रोजेक्ट्स की पहचान की है और आगे बढ़ने के लिए एक समय-सीमा तय की है। मैं इस पहल की सराहना करता हूं। मुझे भरोसा है कि साथ मिलकर काम करने से हम इस दिशा में तेजी से प्रगति करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कल रात डिनर के दौरान हमारी सार्थक बातचीत हुई और हमने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इन मामलों पर हमारी टीमें भी एकमत हैं। हम आपसी सहयोग के सभी पहलुओं को दिशा देने के लिए विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद का गठन करेंगे। हम अपने संयुक्त आयोग को सचिव स्तर से मंत्री स्तर तक ले जाएंगे। दोनों पक्ष मिलकर एक बिज़नेस समिट का आयोजन करेंगे जिसमें दोनों देशों के व्यापारिक नेता शामिल होंगे।
उज़्बेक राष्ट्रपति ने कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के दौरान उज्बेक राष्ट्रपति शौक़त मिर्जियोयेव ने कहा, भारत हमारा भरोसेमंद रणनीतिक साझेदार है। पिछले साल हमारा द्विपक्षीय व्यापार पहली बार एक अरब डॉलर से ज्यादा रहा। अब हमारे देशों के बीच हर हफ्ते 14 सीधी उड़ानें हैं। लाल बहादुर शास्त्री सेंटर फॉर इंडियन कल्चर और महात्मा गांधी सेंटर फॉर इंडियन स्टडीज़, हमारे मानवीय संबंधों को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
मिर्जियोयेव ने आगे कहा कि हमारे देश में योग का दर्शन और अभ्यास तेज़ी से लोकप्रिय हो रहा है। 2018 से एक समर्पित योग फेडरेशन काम कर रहा है और इस जून में पूरे उज़्बेकिस्तान में एक राष्ट्रव्यापी योग महोत्सव आयोजित किया गया था। भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा-मुक्त व्यवस्था शुरू करने से लोगों के बीच संपर्क, पर्यटन और व्यापारिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में काफी मदद मिलेगी।
उज़्बेकिस्तान का सबसे बड़ा सम्मान, यूरेनियम सप्लाई पर डील, राष्ट्रपति के साथ वार्ता के बाद PM मोदी का अहम ऐलान




