Tuesday, August 18, 2026
Google search engine
Homeराज्य विशेषराजस्थानबार काउंसिल ऑफ राजस्थान का रिज़ल्ट घोषित, 5 महिला अधिवक्ता भी निर्वाचित़

बार काउंसिल ऑफ राजस्थान का रिज़ल्ट घोषित, 5 महिला अधिवक्ता भी निर्वाचित़

बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव के सभी 23 परिणाम घोषित हो गए। नई टीम में 18 पुरुष और 5 महिला अधिवक्ता भी शामिल हुई हैं।
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। तीन महीने से अधिक समय तक चली मतगणना पूरी होने के बाद राजस्थान सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित उच्च स्तरीय निर्वाचन समिति ने सभी 23 निर्वाचित सदस्यों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी। परिणाम सामने आते ही प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव के परिणामों की घोषणा उच्च स्तरीय निर्वाचन समिति के अध्यक्ष जस्टिस जे.आर. मिढा ने की। इस दौरान समिति के सदस्य जस्टिस मनोज गर्ग और चुनाव अधिकारी डॉ. सचिन आचार्य भी मौजूद रहे। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान 23 सदस्यों के चुनाव के लिए 22 अप्रैल और 4 मई को मतदान कराया गया था, इसके बाद 11 मई से मतगणना शुरू हुई, जो क़रीब तीन महीने तक चलने के बाद 13 अगस्त को पूरी हुई। प्रथम वरीयता मतों के आधार पर प्रत्येक प्रत्याशी के निर्वाचन के लिए 2614.21 मतों का कोटा तय किया गया था। जैसे-जैसे प्रत्याशी निर्धारित कोटा पूरा करते गए, चुनाव की तस्वीर साफ होती चली गई।
23 सदस्यों में 18 पुरुष और 5 महिला अधिवक्ता निर्वाचित
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के नए सदस्यों में पांच महिला अधिवक्ताओं को भी प्रतिनिधित्व मिला है। महिला आरक्षित सीटों पर अंजली कौशिक, आरजू खान, हेमा तिवारी, शशिबाला जैन और अनामिका सांदू निर्वाचित हुई हैं। इस तरह नई राजस्थान बार काउंसिल में कुल 18 पुरुष और 5 महिला अधिवक्ता शामिल होंगे। महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी बढ़ने को बार काउंसिल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नीरज गुर्जर समेत हरेन्द्र सिंह सिनसिनवार,रतनसिंह राव, भुवनेश शर्मा, सुरेश चंद्र श्रीमाली, योगेन्द्र सिंह शक्तावत, राजजीत जोशी, राम प्रसाद सिगारिया, कुलदीप कुमार शर्मा, देवेन्द्र सिंह राठौड़, सैयद शाहिद हसन, रतनाराम ठोलिया, देवीलाल रावला, राजेश पंवार, सतीश खांडल (शर्मा), रजनीश गुप्ता, कपिल प्रकाश माथुर, अंजली कौशिक, कु. आरज़ू खान, हेमा तिवारी, कु. शशिबाला जैन अधिवक्ताओं ने कोटा हासिल किया।
चुनाव में सबसे पहले राजस्थान सरकार के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता नीरज गुर्जर ने निर्धारित मतों का कोटा पूरा किया। इसके बाद हरेंद्र सिंह सिनसिनवार ने भी जीत दर्ज की। निर्वाचित सदस्यों में रतन सिंह राव उदयपुर, अतिरिक्त महाधिवक्ता भुवनेश शर्मा, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सह-अध्यक्ष सुरेश चंद्र श्रीमाली, प्रशांत शर्मा, योगेंद्र सिंह शक्तावत, रणजीत जोशी, रामप्रसाद सिंगारिया, कुलदीप कुमार शर्मा, देवेंद्र सिंह राठौड़, सैयद शाहिद हसन, रतनाराम ठोलिया, देवीलाल रावला, राजेश पंवार, सतीश खांडल, रजनीश गुप्ता और कपिल प्रकाश माथुर सहित अन्य अधिवक्ता शामिल हैं। पूर्व उपाध्यक्ष कपिल प्रकाश माथुर के कोटा पूरा करने के साथ ही अंतिम सीट का परिणाम भी तय हो गया।
गजट अधिसूचना के बाद पूरी होगी निर्वाचन प्रक्रिया
आधिकारिक परिणाम घोषित होने के बाद अब सभी निर्वाचित सदस्यों के नाम गजट अधिसूचना जारी करने के लिए राज्य सरकार को भेजे जाएंगे, गजट नोटिफिकेशन जारी होने के बाद निर्वाचन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। तीन महीने से अधिक समय तक चली मतगणना के दौरान अधिवक्ताओं और प्रत्याशियों की नजरें परिणामों पर टिकी थीं। वरीयता मतों की लंबी प्रक्रिया के कारण अंतिम परिणाम आने में समय लगा।
नई बार काउंसिल अब अधिवक्ताओं के हितों, न्याय व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और बार से संबंधित मामलों में अपनी भूमिका निभाएगी। चुनाव परिणाम के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों और प्रदेशभर के अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments