spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण किया

बीकानेर। राजस्थान में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विधानसभा भवन में स्पीकर वासुदेव देवनानी ने ध्वजारोहण किया। वहीं, राज्य स्तरीय समारोह इस मरतबा बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर के शहीद स्मारक पहुंचे। शहीद स्मारक पर उन्होंने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व सैन्यकर्मी भी मौजूद रहे, इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. करणी सिंह स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले वंदे मातरम् गायन में हिस्सा लिया। इसके बाद ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, मुख्य समारोह में केंद्रीय क़ानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, डीजीपी राजीव शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
1200 स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया
डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नज़र आया। तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया, समारोह में करीब 1200 स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। राजस्थान के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों की लोक एवं संस्कृतियों को भी मंच पर प्रस्तुत किया गया।
राजस्थान के मांगणियार कलाकारों ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी। इसके अलावा चरी, कालबेलिया, भवई और गेर नृत्य प्रस्तुत किए गए, उत्तर प्रदेश के मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य प्रस्तुत किया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से आए कलाकारों ने छाऊ और रायबेसे नृत्य की प्रस्तुति दी, वहीं ओडिशा के कलाकारों ने पाइका नृत्य प्रस्तुत किया।
जयपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय पर मदन राठौड़ ने किया ध्वजारोहण
जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा और विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित भाजपा के तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बीजेपी और कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जयपुर की बड़ी चौपड़ पर अनूठी परंपरा निभाई। बड़ी चौपड़ पर भाजपा की ओर से स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया, यहां ध्वजारोहण के साथ-साथ देशभक्ति के नारे लगाए गए, बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कांग्रेस ने बड़ी चौपड़ पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम किया
बड़ी चौपड़ पर कांग्रेस की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के चीफ गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, विधायक प्रशांत शर्मा, जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles